हरियाणा में बीते दो दिनों में मरीजों की संख्या में कमी आई है। मंगलवार को फरीदबाद में दो नए मरीज सामने आए, वहां अब कुल 33 मरीज हो गए हैं। वहीं प्रदेश में अभी तक कुल 185 मरीज संक्रमित हुए हैं। इनमें से 41 ठीक होकर घर भी जा चुके हैं। मंगलवार को गुरुग्राम में दो मरीज ठीक हुए, जिन्हें छुट्टी दे दी गई। वहीं सिरसा में 6 वर्षीय लड़का और 8 वर्षीय लड़की की रिपोर्ट निगेटिव आने पर छुट्टी कर दी गई।

डॉक्टरों ने ताली बजाकर किया बच्चों को अस्पताल से रवाना
सिरसा सिविल अस्पताल में दोनों बच्चों को रखा गया था। दरअसल सबसे पहले उनकी मां पॉजिटिव मिली थी। इसके बाद जब बच्चों का टेस्ट किया गया तो उनकी रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई थी। बच्चों की दो रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। इसके बाद अब लगातार दो रिपोर्ट अब निगेटिव आई है। दोनों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। डॉक्टरों ने तालियां बजाकर बच्चों को रवाना किया।
5210 सैंपल में से 3681 सैंपल की रिपोर्ट आई निगेटिव
हरियाणा स्वास्थ्य विभाग ने अभी तक 5219 सैंपल टेस्ट के लिए भेजे हैं। इनमें से 3681 सैंपल की रिपोर्ट निगेटिव आई है। जबकि कुल 185 पॉजिटिव मिले हैं। अभी 1345 रिपोर्ट का इंतजार है। अभी भी 143 कोरोना के एक्टिव मरीज अस्पताल में भर्ती हैं, जबिक 39 को छुट्टी दे दी गई है।
सोमवार को एक ही मरीज आया था सामने
सोमवार को प्रदेशभर में एक मरीज सिर्फ सिरसा में मिला था। यहां रोड़ी गांव की मस्जिद में मौलवी की पत्नी पॉजिटिव मिली थी। मस्जिद में पिछले एक महीने से जमाती आकर रूके हुए थे। महिला की रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर 19 जमातियों व परिवार के अन्य सदस्यों को क्वारैंटाइन कर दिया गया है।
प्रदेशभर में जिलों की ये है स्थिति
राज्य में कुल संक्रमित का आंकड़ा 185 पहुंच गया। सबसे ज्यादा 45 मरीजों नूंह के हैं। गुरुग्राम में 32, फरीदाबाद में 33, पलवल में 29, अम्बाला में 7, करनाल में 6, पंचकूला में 5, पानीपत-सिरसा में 4-4, यमुनानगर-सोनीपत में 3-3, हिसार, जींद, कुरुक्षेत्र में 2-2 और रोहतक, चरखी-दादरी और फतेहाबाद में एक-एक पॉजिटिव मरीज मिला है।

हरियाण में 185 संक्रमित में से 116 जमाती
हरियाणा में अब संक्रमित मिले जमातियों की संख्या 116 हो गई है। इनमें सबसे ज्यादा संख्या नूंह जिले की है। यहां कुल 38 जमाती संक्रमित हैं। इसके अलावा पलवल में 28, गुरुग्राम में 15, अम्बाला में 5, भिवानी में 2, कैथल में 1, फरीदाबाद में 17, पंचकूला में 3, यमुनानगर 3, चरखी दादरी 1, जींद 1, फतेहाबाद 1, सोनीपत 1 लोग संक्रमित हैं, जो मरकज से आए हुए थे। सभी धर्म प्रचार का काम कर रहे थे। जिन्हें अलग-अलग मस्जिदों व गांवों से पकड़ा गया है।
10 विदेशी 64 बाहरी राज्यों के संक्रमित
हरियाणा में मिले संक्रमित मरीजों में 10 विदेशी और 64 बाहरी राज्यों के हैं। इनमें श्रीलंका से 6, नेपाल, थाइलैंड, इंडोनेशिया व साउथ अफ्रीका का एक-एक नागरिक शामिल है। इसके अतिरिक्त उत्तर प्रदेश के 11, हिमाचल प्रदेश के 10, तमिलनाडु के 7, पचिश्म बंगाल के 4, केरला के 5, बिहार के 8, तेलंगाना के 2, आंध्र प्रदेश से 2, महाराष्ट्र के 6, जम्मू के 3, मध्यप्रदेश के 2 और पंजाब, कर्नाटक, चेन्नई, असम का एक-एक नागरिक संक्रमित है।
41 मरीज ठीक होकर पहुंचे घर
अभी तक 41 मरीज ठीक होकर घर पहुंच चुके हैं। इनमें सबसे ज्यादा गुरुग्राम में ही हैं। यहां से 16 मरीज, पानीपत में 4, करनाल में 3, सिरसा में 2, फरीदाबाद में 8, पंचकूला में 2, हिसार में 1, भिवानी में 1, अम्बाला में 2, सोनीपत में 1 और पलवल में 1 मरीज ठीक हुआ है।